मध्य प्रदेश : (मानवीय सोच) 230 विधानसभा सीटों के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा. इसे लेकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी बीजेपी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने को जुटे हैं. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी नापाक हरकत को अंजाम देने की कोशिश करता है तो भारत उसे सीमा के इस पार और जरूरत पड़ने पर उस पार भी खत्म कर सकता है. राजनाथ सिंह भिंड जिले की गोहद विधानसभा सीट के अंतर्गत खनेता गांव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार लाल सिंह आर्य के लिए प्रचार करते हुए एक रैली को संबोधित कर रहे थे. मंत्री ने कहा कि भारत का गौरव पूरे विश्व में बढ़ रहा है.
राजनाथ सिंह ने कहा- कांग्रेस के शासनकाल में विदेशों में लोग कहते थे कि भारत कमजोर देश है. दुनिया हमारी बातों को बहुत गंभीरता से नहीं लेती थी. उन्होंने कहा कि अब स्थिति बदल गई है और अगर भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर कुछ कहता है तो दुनिया कान खोलकर सुनती है. उन्होंने कहा कि अब आपका भारत कोई कमजोर देश नहीं है. दुनिया की कोई भी ताकत भारत को धमकी देने की हिम्मत नहीं कर सकती.
