लखीमपुर : (मानवीय सोच) संपूर्णानगर में आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने से आहत किशोरी की आत्महत्या के बाद शनिवार को कस्बे में बवाल हो गया। गिरफ्तार हो चुके मुख्य आरोपी जोहिद अख्तर के बाद नामजद उसके परिजनों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने सुबह नौ बजे किशोरी का शव खजुरिया मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया था।
प्रदर्शन करते हुए कई दुकानों में तोड़फोड़ करने के साथ ही जोहिद की फर्नीचर की दुकान का सामान बाहर निकालकर फूंक दिया। पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो भीड़ ने भी पत्थर बरसाए। पांच घंटे बवाल चलता रहा। वहीं, आरोपी की अवैध दुकान हटाने को लेकर लोक निर्माण विभाग खंड 3 की तरफ से नोटिस चस्पा किया गया था, जिसमें रविवार 10 बजे तक की मोहलत दी गई थी। करीब 11:30 बजे एसडीएम सीओ की मौजूदगी में आरोपी की दुकान को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया।
