लखनऊ : (मानवीय सोच) दिल्ली-एनसीआर की तरह यूपी की राजधानी लखनऊ में भी हवा की सेहद खराब होती जा रही है। सर्दी की दस्तक के साथ ही राजधानी की हवा की सेहत भी खराब होती जा रही है। सीजन में पहली बार शनिवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 200 के पार पहुंच गया।
राजधानी का औसत एक्यूआई 205 दर्ज हुआ। लालबाग की बात करें तो यहां 275 तो तालकटोरा में 229 रिकॉर्ड हुआ। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, हवा का रुख पुरवइया से पछुआ हो चुका है। पछुआ से प्रदूषण के कणों का प्रसार होने से इन्कार नहीं किया जा सकता।
पारा शुक्रवार के 32 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शनिवार को 29.9 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 17.6 के मुकाबले 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आने का अनुमान है। इससे हवा और संघनित होगी। अगर सुधार के ठोस उपाय न किए गए तो हवा की सेहत और भी खराब होगी।
