अयोध्या : (मानवीय सोच) राममंदिर के उद्घाटन की तैयारियों के बीच निखरती-संवरती अयोध्या के दर्शन के लिए विदेशी पर्यटक भी आने लगे हैं। पिछले दो माह से विदेशियों की संख्या बढ़ी है। सितंबर व अक्तूबर में 120 से अधिक विदेशी पर्यटकों ने अयोध्या आकर रामलला के दर्शन किए। इस साल के 10 महीने में 910 विदेशी रामलला के दरबार पहुंच चुके हैं।
हालांकि, इस साल विदेशी पर्यटकों की आमद रामनगरी में कम रही है। वजह यह है कि अयोध्या नवनिर्माण के दौर से गुजर रही है। शुरुआती 6 से 8 महीने अयोध्या में रामपथ, जन्मभूमिपथ व भक्तिपथ निर्माण के लिए जगह-जगह खोदाई की गई थी। अयोध्या कई-महीनों से अस्त-व्यस्त है। जगह-जगह डायवर्जन लागू रहे। इस वजह से श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संख्या में कमी आई, लेकिन अब कई विकास योजनाएं पूर्णता की ओर हैं। रामपथ, जन्मभूमिपथ व भक्तिपथ भक्तों के स्वागत को तैयार हैं। ऐसे में श्रद्धालु व पर्यटक भी बढ़ने लगे हैं। इसकी गवाही पिछले दो महीने के आंकड़े दे रहे हैं।
