लखनऊ : (मानवीय सोच) गोमतीनगर शहीद पथ स्थित टेंडर पॉम हॉस्पिटल में डेंगू से पीड़ित रिटायर्ड आईएएस एनएस रवि की रविवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। वह पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों की टीम ने उन्हें वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा था। डॉक्टरों का कहना है रिटायर्ड आईएएस डेंगू शॉक सिंड्रोम में चले गए थे। मल्टी आर्गन फेल होने के बीच उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा था। जिसकी वजह से उनकी जान चली गई।
एलडीए के पूर्व वीसी रहे एनएस रवि उर्फ नेपाल सिंह (64 वर्ष) को कुछ दिन पहले तेज बुखार आया था। डॉक्टर की सलाह पर जांच कराई गई थी, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। प्लेटलेट्स लगभग 12 हजार होने पर परिजनों ने 10 दिन पहले ही शहीद पथ स्थित टेंडर पॉम हॉस्पिटल में उन्हें भर्ती कराया था। रविवार रात अचानक उनकी हालत गंभीर हो गई। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी।
