प्रयागराज : (मानवीय सोच) सीट के बदले टीटीई द्वारा घूस लिए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद टीटीई को निलम्बित कर दिया गया है और उसके खिलाफ जांच बैठा दी गई है. यह मामला प्रयागराज से सहारनपुर के बीच चलने वाली नौचंदी एक्सप्रेस से सामने आया है. मीडिया सूत्रों की मानें तो बरेली से मुरादाबाद के बीच का वायरल वीडियो बताया जा रहा है. फिलहाल इस मामले में डीआरएम आरके सिंह ने वाणिज्य निरीक्षक को मामले की जांच सौंप दी है और तत्काल प्रभाव से टीटीई को सस्पेंड कर दिया है.
सूत्रों के मुताबिक, वायरल वीडियो जीआरपी क्षेत्र बरेली से सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि सीट के नाम पर टीटीई ने यात्री से रुपये लिए. इसी दौरान किसी ने इस अवैध वसूली का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद से ही रेलवे विभाग में हड़कम्प मचा हुआ है. रिश्वत लेने का मामला नौचंदी एक्सप्रेस का बताया जा रहा है. जानकारी सामने आई है नौचंदी एक्सप्रेस मुरादाबाद-बरेली रूट से जाते समय ट्रेन के कोच नंबर बी-2 से ये वीडियो सामने आया है
