(मानवीय सोच) : जीएसटी आने से देश की टैक्स प्रणाली काफी सरल हो रही है. हालांकि पेट्रोल डीजल जीएसटी से बाहर है और लगातार यह मांग उठती रही है कि पेट्रोल-डीजल को भी जीएसटी में लाया जाए. इसको लेकर एक बार फिर सवाल पूछा गया तो केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस की ही मुश्किलें बढ़ा दी हैं. वित्त मंत्री ने कहा कि इस काम में सबसे बड़ा रोड़ा कांग्रेस ही है. वित्त मंत्री ने कहा कि प्रशासनिक और राजनीतिक तौर पर कांग्रेस पार्टी दोहरी नीति अपना रही है, जिसके चलते पेट्रोल डीजल जीएसटी में नहीं आ पा रहे हैं.
दरअसल, वित्त मंत्री नर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर यह हमला चुनावी राज्य मध्य प्रदेश के इंदौर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बोला. वित्त मंत्री ने कहा है कि केंद्र की बीजेपी सरकार पेट्रोल डीजल को जीएसटी के दायरे में लाना चाहती है लेकिन कांग्रेस इस विषय पर ‘दोगला रवैया’ अपना रही है. वित्त मंत्री ने कहा कि पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने के मामले में ‘दोगला रवैया’ रखने वाली कांग्रेस से मीडिया को इस बारे में सवाल करना चाहिए.
