लोकसभा चुनाव के दौरान 20 मई को लखनऊ में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए नगर निगम विभिन्न केंद्रों पर 40 मॉडल बूथ बनायेगा। इसके अलावा 220 सेमी मॉडल पोलिंग स्टेशन भी बनाये जाएंगे। नगर निगम के हर वार्ड में दो-दो सेमी पोलिंग स्टेशन रहेंगे। इनमें धूप और गर्मी से बचाव के लिये टेंट लगाकर छाया की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा ठंडा पानी और मट्ठा, बैठने के लिए कुर्सियां और सेल्फी प्वाइंट भी रहेंगे।नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि मॉडल बूथ बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसका उद्देश्य लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करना है। मॉडल बूथ पर सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ गर्मी व धूप से बचाव के लिए टेंट, ठंडा पानी, मट्ठा और पंखा और कूलर की व्यवस्था की जाएगी।
