महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर में पुलिस ने EVM में छेड़छाड़ करने के लिए शिवसेना (UBT) नेता अंबादास दानवे से 2.5 करोड़ रुपये मांगने के आरोप में सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य विधान परिषद में विपक्ष के नेता दानवे ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करायी थी कि आरोपी मारुती धाकने ने एक चिप के जरिए ईवीएम में छेड़छाड़ करने का दावा करके उनसे कथित तौर पर पैसे मांगे थे। दानवे ने अपनी शिकायत में कहा कि आरोपी ने दावा किया था कि इस चिप से किसी खास उम्मीदवार को अधिक वोट पाने में मदद मिल सकती है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 4 बजे आरोपी ने यहां एक बस स्टैंड के पास एक होटल में शिवसेना (UBT) के नेता अंबादास के छोटे भाई राजेंद्र दानवे से मुलाकात की।
