जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार देश की 140 करोड़ जनता इनको 140 सीटों पर सिमटा देगी। जनता को इनसे 10 साल का हिसाब किताब लेना है। चार चरणों के चुनाव के बाद भाजपा के बड़े बड़े नेताओं की भाषा और भाषण बदल गए हैं। बुंदेलखंड की जनता भारतीय जनता पार्टी के अहंकार को खंड खंड करेगी। भाजपा ने जिस तरीके से उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया है, हम गरीबों और किसानों का कर्ज माफ करेंगे। अतर्रा कस्बा स्थित एचआईसी मैदान में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बांदा चित्रकूट लोकसभा से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती कृष्णा देवी के समर्थन में आयोजित जनसभा में जनता से वोट अपील की। कहा एक वोट से दो सरकारें जाएंगी। बीजेपी वाले कह रहे थे वैक्सीन लगवाओ, अब वैक्सीन वाली कंपनी कह रही है हम वैक्सीन वापस ले लेंगे। एक तरफ ये जान का खतरा पैदा कर रहे हैं और दूसरे हमारे बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का दिया हुए संविधान में खतरा पैदा करे रहे हैं। उन्होंने कहा पूरा बुंदेलखंड आजादी के बाद से प्यासा है, हर घर नल योजना में अगर ईमानदारी से पैसा खर्च हो जाता तो हर घर पानी पहुंच जाता। आज खनन को लेकर सबसे ज्यादा लूट कोई मचा रहा है तो भाजपा के लोग हैं।
