लखनऊ में सेवानिवृत आईएएस की पत्नी की हत्या हो गई थी। हत्या के बाद लूटपाट भी हुई थी। रविवार को उन संदिग्ध हत्यारों का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस फुटेज में दोनों संदिग्ध एक स्कूटी से जाते हुए दिख रहे हैं। इनमें से एक ने हेलमेट लगा रखा है तो दूसरे ने नहीं। वारदात को अंजाम देने के बाद यह कैंट की तरफ भाग गए थे। सेवानिवृत्त आईएएस देवेंद्र दुबे की पत्नी मोहिनी की हत्या करने वाले बदमाश सोसाइटी के बाहर घात लगाए बैठे रहे। जैसे ही देवेंद्र कार से ड्राइवर के साथ वहां से निकले वैसे ही बदमाश सोसाइटी में दाखिल हो गए।
सीधे उनके घर गए और घटना को अंजाम दिया। उनके निकलने के करीब दस मिनट बाद 7:10 बजे दूधिया इमरान देवेंद्र के घर दूध लेने आया था। दूधिये के मुताबिक मोहिनी ने उससे दूध लिया और घर के भीतर चली गईं। मतलब तब तक सबकुछ ठीक था। दूधिये के जाते ही तुरंत तकरीबन 7:15 बजे बदमाश उनके घर पर पहुंच गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुबह करीब 8 बजे बदमाश घर से बाहर निकले। साफ है कि तकरीबन 45 मिनट तक बदमाश भीतर रहे। इसी दौरान उन्होंने मोहिनी की हत्या की और जेवरात आदि लूटे।
