अकबर नगर में कुकरैल नदी व बंधे पर बने आवासीय व व्यवसायिक भवन ध्वस्त करने की लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने कमर कस ली है। गुरुवार को पुलिस बल के साथ पहुंचे एलडीए व नगर निगम के अधिकारी व अभियंताओं ने अकबरनगर द्वितीय का सर्वे किया। शुक्रवार को प्रथम का सर्वे किया जाएगा। अकबर नगर द्वितीय में मुख्य सड़क से लेकर मोहल्ले के अंदर तक तक भवन और वहां तक बुलडोजर व अन्य वाहन पहुंचने के लिए सड़क आदि इंतजाम देखे। कहां से ध्वस्तीकरण की शुरुआत होगी, कितने श्रमिक, मलबा उठाने के लिए वाहन, कितनी जेसीबी, पुलिस बल आदि संसाधनों का खाका तैयार किया। कुकरैल नदी के पुनरुद्धार को लेकर यह कार्रवाई की जा रही है। कोर्ट ने भी नदी व बंधे पर बने मकान व शोरूम आदि भवनों को अवैध मानकर कार्रवाई का आदेश दिया है। तीन माह पहले एलडीए ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की थी। इस दाैरान अयोध्या रोड पर 27 व्यवसायिक भवन व करीब 25 झोपड़-पट्टी गिराई थी। यहां रहने वाले लोगों के कोर्ट में जाने पर एलडीए ने कार्रवाई रोक दी थी और कोर्ट के आदेश पर एलडीए ने विस्थापितों को आवास आवंटित किए हैं।
