यूपी टी-20 क्रिकेट लीग का आयोजन ग्रीनपार्क की जगह लखनऊ के इकाना स्टेडियम में किया जाएगा। इसकी रूपरेखा भी बन चुकी है। इस बदलाव का मुख्य कारण बीते साल ग्रीनपार्क में हुई लीग का किराया न जमा होना भी है। इसके अलावा ग्रीनपार्क की दर्शक क्षमता और शहर में होटलों की कमी से फ्रेंचाइजी लखनऊ में मैच पसंद कर रही हैं। इस बार खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया 30 जून से शुरू होगी। यूपी टी-20 क्रिकेट लीग के पहले संस्करण का आयोजन ग्रीनपार्क में बीते साल 30 अगस्त से 16 सितंबर तक किया गया था। इसमें 33 मुकाबले खेले गए थे। लीग के दौरान से अभी तक किराये को लेकर विवाद बना हुआ है। इस आयोजन में किराये के एवज में यूपीसीए को खेल विभाग को 10 करोड़ 31 लाख 25 हजार रुपये देने थे, जो अभी तक जमा नहीं हुए हैं।
