अयोध्‍या में सिर्फ 3 महीने में हुआ ये हाल! स्‍पाइसजेट ने बंद कर दी फ्लाइट

22 जनवरी को अयोध्‍या में राम मंदिर का शुभारंभ हुआ। भव्‍य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश भर के तमाम गणमान्‍य लोग यहां आए। पूरी दुनिया में इस समारोह की जमकर चर्चा हुई। हर रोज डेढ़ लाख से दो लाख श्रद्धालु रामलला का दीदार करने अयोध्‍या आ रहे हैं। मंदिर के उद्धाटन के साथ ही यहां अयोध्‍या इंटरनैशनल एयरपोर्ट भी शुरू हो गया। देश के कई प्रमुख शहरों से यहां के लिए सीधी फ्लाइट है। इस बीच खबर आई है कि स्‍पाइसजेट ने अब अयोध्‍या से हैदराबाद तक की उड़ान सेवा भी बंद कर दी है। तीन महीने में ही कंपनी को पर्याप्‍त पैसेंजर मिलने बंद हो गए हैं। गौरतलब है कि स्‍पाइसजेट लगातार अयोध्‍या से चलने वाली अपनी फ्लाइट बंद करती जा रही है। इससे पहले मुंबई, बेंगलुरु, जयपुर, पटना, दरभंगा और देहरादून से भी अयोध्या की फ्लाइट बंद की जा चुकी हैं। कंपनी ने इसके पीछे एक ही वजह बताई है। वह है यात्रियों की कमी। ज्‍यादा पैसेंजर न मिलने की वजह से इन उड़ानों में कंपनी को घाटा उठाना पड़ रहा था।