जल मंत्री आतिशी ने हरियाणा से प्रतिदिन 100 मिलियन गैलन पानी छोड़े जाने की अपनी मांग को लेकर शुक्रवार को दक्षिण दिल्ली के भोगल इलाके में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की। उनके साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (आप) के अन्य नेता मौजूद हैं। आतिशी ने कहा, ”दिल्ली सरकार में जल मंत्री होने के नाते मैंने राष्ट्रीय राजधानी को पानी दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया है, लेकिन अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने के अलावा मेरे पास कोई विकल्प नहीं बचा।” उन्होंने कहा, ”यह भूख हड़ताल तब तक जारी रहेगी जब तक हरियाणा सरकार दिल्ली को उसके हक का पानी नहीं दे देती।” सुनीता केजरीवाल ने तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का संदेश पढ़ा, जिसमें उन्होंने उम्मीद जताई कि आतिशी की ‘तपस्या’ सफल होगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भीषण गर्मी के बीच जल संकट से जूझ रहे लोगों की दुर्दशा को टेलीविजन पर देखकर उन्हें बहुत दुख होता है। उन्होंने जेल से भेजे गए अपने संदेश में कहा, ”प्यासे को पानी पिलाना हमारी संस्कृति है। दिल्ली को पड़ोसी राज्यों से पानी मिलता है। हमें ऐसी भीषण गर्मी में पड़ोसी राज्यों से मदद की उम्मीद थी। लेकिन, हरियाणा ने दिल्ली के पानी का हिस्सा ही कम कर दिया।” मुख्यमंत्री केजरीवाल ने हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा, ”दोनों राज्यों में अलग-अलग दलों की सरकारें हैं,
लेकिन क्या यह पानी पर राजनीति करने का समय है?” इससे पूर्व, आतिशी ने सुनीता केजरीवाल, ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और अन्य नेताओं के साथ भोगल जाने से पहले राजघाट जा कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। आतिशी ने सुबह सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि हर संभव प्रयास करने के बाद भी हरियाणा सरकार दिल्ली को पूरा पानी नहीं दे रही है, इसलिए वह दक्षिणी दिल्ली के भोगल इलाके में दोपहर 12 बजे से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगी।
