खाने की थाली दिन-पर-दिन महंगी होती जा रही है। थाली में आमजन के प्रयोग वाले रोजमर्रा के सभी चीजों के मूल्यों में तेजी देखी जा सकती है। तेज कीमतों की चलते दाल की मात्रा थाली से पहले ही कम हो गई है। बची कसर अब सब्जियों ने पूरी कर दी है। मात्र दस दिनों में हरी सब्जियों की कीमत दोगुनी रफ्तार पकड़ चुकी हैं। तड़का और सब्जी में प्रयोग होने वाला सरसों का तेल भी दस रुपये लीटर से अधिक का उछाल ले चुका है। कारोबारियों की मानें तो लोकल माल की कमी के कारण हरी सब्जियों के दाम में उछाल आया है। इनमें तरोई, लौकी, पालक, धनिया, पुदीना, कद्दू, टमाटर, शिमला मिर्च, नींबू आदि सब्जियां शामिल हैं। और तो और 25 रुपये बिक रहा आलू अब 40 रुपये किलो पहुंच गया है।
