देवों के देव महादेव का प्रिय महीना सावन माह की शुरुआत आज से हो गई है। इस बार खास बात यह है कि सावन के पहले दिन ही सोमवार है। ऐसे में भोलेबाबा के भक्तों में ज्यादा उत्साह देखने को मिल रहा है। राजधानी लखनऊ में कोनेश्वर, मनकामेश्वर, बुद्धेश्वर, गोमतेश्वर समेत अन्य शिवालयों में भोर से ही महादेव के दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ है।
शिवालयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की ओर से व्यापक इंतजाम किये गए हैं। डालीगंज स्थित मनकामेश्वर मंदिर में रात 2 बजे से ही करीब 2 किलोमीटर भक्तों की कतार देखने को मिली। लोग भोले बाबा के दर्शन के लिए कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आये। मंदिर प्रशासन की ओर से भक्तों के दर्शन पूजन के लिए सड़क के बीच बल्लियां लगाकर दो कतार लगवाई गई। एक कतार में पुरुषो और दूसरी कतार में महिलाओं के लिए बनाई गई है।
