सीएम आवास के सामने आत्मदाह का प्रयास करने वाली महिला ने तोड़ा दम

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित सीएम आवास के पास आत्मदाह का प्रयास करने वाली महिला अंजली जाटव जिंदगी की जंग हार गई है। शनिवार रात करीब एक बजे महिला ने केजीएमयू में अंतिम सांस ली है। महिला 90 फीसदी तक जल चुकी थी। महिला की हालत शुरूआत से नाजुक बताई जा रही थी। अंजली जाटव ने पारिवारिक विवाद के बाद उकसाने पर मंगलवार को सीएम आवास के पास पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया था। राजधानी में सीएम आवास के करीब हुई घटना के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद पूरे प्रदेश में हंगामा मच गया था। 

अंजली जाटव को आत्मदाह के लिए उसके वकील ने उकसाया था। इस बात का खुलासा महिला के वकील की फोन रिकॉडिंग सामने आने के बाद पुलिस ने किया था। रिकॉडिंग में वकील महिला को आत्मदाह के लिए उकसा रहा था, महिला को आत्मदाह के लिए उकसाने के आरोप में वकील को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।फोरेंसिक रिपोर्ट में पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात सामने आने के बाद पुलिस पेट्रोल पंप की जानकारी जुटाने में जुट गई। जिसमें गुरुवार को सफलता भी मिल गई। पुरवा कोतवाली के मिर्री चौराहा पर स्थित पेट्रोल पंप से महिला ने पेट्रोल खरीदा था। इसकी फुटेज भी पुलिस को मिल गई है। पुरवा पुलिस पेट्रोल पंप संचालक पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।