73वीं अखिल भारतीय पुलिस रेसलिंग क्लस्टर-2024 का उद्घाटन सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है। महानगर स्थित 35वीं बटालियन पीएसी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि शरीर के लिए खेल बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से ही भारत की परम्पराओं में खेल और खेलकूद की गतिविधियों को महत्व दिया जाता रहा है। स्वस्थ शरीर के लिए खेलकूद, प्रणायाम, योगासन अत्यन्त महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने यह भी कहा धर्म के जितने भी साधन है वह स्वस्थ शरीर से ही संभव है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि समर्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना को स्वस्थ शरीर से ही पूरा किया जा सकता है। यही वजह है कि साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने अनेक ऐसी योजनायें बनाई जो आज देश के विकास में सहायक साबित हो रही हैं। उन्हीं योजनाओं में कई ऐसी योजनायें भी रही हैं, जो खेलकूद से जुड़ी हुई हैं। जिसका फायदा आम लोगों को मिल रहा है। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस आयोजन में 378 महिला कार्मिक भी शामिल हुई हैं।
