प्रोड्यूसर एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर कानूनी पचड़े में फंसती नजर आ रही हैं. दोनों पर गंभीर मामलों के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामला ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘ऑल्ट बालाजी’ की वेब सीरीज ‘गंदी बात’ के सीजन 6 जुड़ा बताया जा रहा है. सीरीज के इस एपिसोड के बाद एकता कपूर और शोभा कपूर के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत शिकायत दर्ज की गई है.
नाबालिग के अश्लील सीन
दरअसल प्रोड्यूसर एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर पर ‘गंदी बात’ के सीजन 6 के एक एपिसोड में नाबालिग लड़कियों के अश्लील सीन्स को दिखाने का आरोप लगाया है. मामले में बताया गया कि फरवरी 2021 से अप्रैल 2021 के बीच ‘ऑल्ट बालाजी’ पर स्ट्रीम हुई इस सीरीज में नाबालिग लड़कियों के अश्लील सीन फिल्माए गए हैं. फिलहाल ये विवादित एपिसोड ऐप पर स्ट्रीम नहीं किया जा रहा है.
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता के दर्ज कराए मामले में वेब सीरीज ‘गंदी बात सीजन 6’ में सिगरेट के विज्ञापन का इस्तेमाल करते हुए महापुरुषों और संतों का अपमान करने की कोशिश की गई है. इसकी वजह से शिकायतकर्ता की भावनाएं आहत हुई है. साथ ही इस सीरीज के एक एपिसोड में POCSO के नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ सीन भी डाले गए हैं.
