लखनऊ में दूसरी बार आयोजित होने जा रही 68वीं राष्ट्रीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता की तैयारी पूरी हो गई है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की ओर से अंडर -17 बालक बालिका के लिए 2024-25 की ये राष्ट्रीय प्रतियोगिता का गुरु गोविंद सिंह स्पोर्टस कालेज में 26 नवंबर से 30 नवंबर तक आयोजन होगा। इस बात की जानकारी मंगलवार को लोक भवन में आयोजित प्रेस कन्फ्रेंस के दौरान अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा, वित्त एवं गृह दीपक कुमार ने दी।
उन्होंने बताया इस वर्ष बच्चों सहित अभिभावक व शिक्षक, अधिकारी सहित करीब 70 हजार लग इसमें शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता में देश के सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों के सोसाइटीज सहित कुल 45 इकाईयों की टीमों के लगभग 3960 बालक बालिका, कोच एवं टीम मैनेजर की ओर से प्रतिभाग किया जाएगा। प्रत्येक यूनिट में 42 बालक व 42 बालिका के साथ ही 02-02 कोच एवं मैनेजर होंगे, साथ ही एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा नामित 20 विशेषज्ञ तथा राज्य के एथलेटिक्स के क्षेत्र में सेवायें प्रदान करने वाले अन्य विशेषज्ञ भी सम्मिलित होंगे।
दीपक कुमार ने बताया की इस राष्ट्रीय आयोजन मे चयनित बच्चों को अंतराष्ट्रीय स्तर पर मौका मिलेगा। उन्होंने बताया की विगत वर्ष इसी प्रतियोगिता के अंडर 14 वर्ग के बालक बालिकाओं की प्रतियोगिता लखनऊ में आयोजित हुई थी। दीपक कुमार ने बताया देश के विभिन्न भागों से आने आने वाली प्रतिभागी टीमों के सुरक्षित आगमन एवं प्रस्थान की व्यवस्था की गई है।साथ ही अन्य समस्त आवश्यक सुविधाएं ससमय सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से प्रत्येक यूनिट के लिए पृथक-पृथक कुल 45 लाइजनिंग अफसरों को नियुक्त किया गया है। ये अफसर उनके आगमन से लेकर सुरक्षित गंतव्य स्थल पहुंचने तक सक्रिय रहेंगे।
उक्त राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के सुचारू एवं निर्विघ्न संचालन हेतु वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में कन्ट्रोल रूम की स्थापना की गयी है, जो कि 24 घंटे सक्रिय रहेगा। प्रतिभागी आगन्तुकों को सुरक्षित उनके आवासीय एवं खेल स्थल पर पहुंचाने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर पर्याप्त संख्या में बस, कार इत्यादि परिवहन साधनों की व्यवस्था की गयी है।आवासीय स्थलों पर प्रतिभागियों की सुरक्षा के दृष्टिगत अधिकारियों कार्मिकों के साथ ही पर्याप्त महिला सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गयी है।
प्रतिभागियों के लिए उनके आवासीय स्थल एवं प्रतियोगिता आयोजन स्थल पर नाश्ते एवं भोजन की व्यवस्था की गयी है। किसी भी आकस्मिकता की स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम की तैनाती की गयी है, जो कि 24 घंटे सक्रिय रहेगी। हर खेल के लिए निर्णायकों की तैनाती एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा की गयी है। निर्णय की पारदर्शिता को बनाये रखने के उद्देश्य से साइंटिफिक इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट की व्यवस्था की गयी है। प्रतिभागी खिलाड़ियों का डोप टेस्ट मेडिकल टीम द्वारा नियमित रूप से किया जाएगा।
देश के अलग प्रान्तों से आने वाले आगन्तुकों व प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश की समृद्ध व गौरवपूर्ण विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से प्रतियोगिता अवधि में ही प्रत्येक दिवस शाम 6 बजे से 8 बजे तक संस्कृति विभाग की ओर से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। प्रतिभागियों के लिए निशुल्क होगी घूमने की व्यवस्थादेश के अलग प्रदेशों से आने वाले प्रतिभागियों को जिस दिन उनकी खेल प्रतियोगिता न हो, सुविधानुसार लखनऊ के ऐतिहासिक, प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का निःशुल्क भ्रमण कराया जाएगा। 68वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय खेल प्रतियोगिता-2024 सम्पन्न होने के उपरान्त विजेता खिलाड़ियों को मेडल ट्राफी व प्रमाण पत्र द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान करेंगे।
