जम्मू से मिली बड़ी खबर के अनुसार यहां राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने आतंकवादी घुसपैठ मामलों की जांच के सिलसिले में आज कई स्थानों पर छापेमारी की है। मामले पर आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जम्मू संभाग में नौ अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है।
यहां रियासी, डोडा, उधमपुर, रामबन और किश्तवाड़ में कई स्थानों पर छापेमारी हुई है। जानकारी के अनुसार पाकिस्तानी आतंकवादियों की जम्मू-कश्मीर में टेरर फंडिंग और घुसपैठ से जुड़े मामले दर्ज किए जाने के बाद से ही यहां छापेमारी की जा रही है। पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान NIA अधिकारियों के इस अभियान में उन्हें सहयोग दे रहे हैं। अब तक इस कार्रवाई में किसी को बी गिरफ्तार किए जाने की कोई सूचना नहीं है।
जानकारी दें कि, इससे पहले करीब 6 दिन पहले NIA ने टेरर फंडिंग के ही संदेह में जम्मू के बाहरी इलाके बजालहता में एक साहिल अहमद नामक व्यक्ति के मकान में तलाशी ली थी। वहीं जांच के दौरान NIA को उस व्यक्ति के खाते से संदिग्ध रूप से जमा 15 लाख रुपए मिले थे। कहा गया कि, उक्त राशि अहमदाबाद की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल हुमायूं खान नामक एक भगौड़े अपराधी द्वारा जमा कराए गए हैं।
देखा जाए तो जम्मू-कश्मीर में नई सरकार के गठन के बाद से ही घाटी में आतंकी अधिक सक्रिय हो गए हैं। जहां बीते 18 अक्टूबर को शोपियां में आतंकियों ने एक मजदूर की जघन्य हत्या कर दी थी। वहीं फिर 20 अक्टूबर को गांदरबल में निर्माण कंपनी के शिविर पर आतंकी हमला हुआ था। इस अचानक हमले में डॉक्टर समेत 7 लोगों की मौत हुई थी।वहीं, 5 लोग घायल हो गए थे।