मुख्यमंत्री ने जनपद बागपत में 351 करोड़ रु0 की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद बागपत भ्रमण के अवसर पर छपरौली में पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह की अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने 351 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस ऐतिहासिक दिन पर माघी पूर्णिमा, संत रविदास जयंती और चौधरी अजित सिंह की जयंती का दुर्लभ संयोग है। चौधरी अजित सिंह जी का किसानों से गहरा जुड़ाव था। भारत के अन्नदाता किसानों की बेहतरी के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनकी पहली प्रतिमा छपरौली में स्थापित हुई है, जो यह दर्शाती है कि वे हमेशा किसानों के साथ खड़े रहे। वे एक कुशल नेतृत्वकर्ता थे, जिन्होंने विभिन्न मंत्रालयों में कार्य कर देश को नई दिशा दी। बागपत उनके हृदय में बसता था, और आज जो विकास कार्य हो रहे हैं, वे चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में उठाए गए कदम हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि चौधरी अजित सिंह ने अपनी प्रारम्भिक शिक्षा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्राप्त की और लखनऊ से आगे की शिक्षा पूरी की। आई0आई0टी0 खड़गपुर से बी0टेक करने के बाद विदेश में एम0एस0 की पढ़ाई की। वह आई0बी0एम0 में दो दशक तक कम्प्यूटर साइंटिस्ट के रूप में कार्यरत रहे, लेकिन उन्होंने प्रतिष्ठा और पैसा छोड़कर भारत की सेवा करने का संकल्प लिया। वर्ष 1986 से सक्रिय राजनीति में कदम रखते हुए उन्होंने भारत खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बागपत का ऐतिहासिक महत्व है, क्योंकि भगवान श्रीकृष्ण ने महाभारत काल में पांडवों के लिए जिन पांच गांवों की मांग की थी, उनमें बागपत भी शामिल था। बागपत के युवा ऊर्जा से भरपूर हैं और उनकी प्रतिभा देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। बागपत के युवा अब प्रदेश एवं देशभर में अपनी छाप छोड़ रहे हैं और उत्तम प्रदेश बनाने का संकल्प लेकर कार्य कर रहे हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे से जुड़े बागपत में इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर की स्थापना के लिए योजना पर कार्य जारी है। यह क्षेत्र औद्योगिक विकास में एक नया आयाम स्थापित करेगा।

मुख्यमंत्री जी ने बागपत के अन्नदाता किसानों की सराहना करते हुए कहा कि खेती की नई तकनीकों को अपनाकर बागपत के किसान पूरे देश के लिए मॉडल बन रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2017 से अब तक 2,72,600 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है। वर्ष 2023-24 में 99.51 प्रतिशत गन्ना मूल्य का भुगतान हो चुका है। वर्ष 1995 से वर्ष 2017 तक के इन 22 वर्षों में जितना गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया था, प्रदेश सरकार ने मात्र 08 वर्षों से कम समय में, उससे लगभग 60,000 करोड़ रुपये अधिक का भुगतान गन्ना किसानों को किया है। बागपत की चीनी मिल को अपग्रेड करने की योजना बनाई गई है, जिससे गन्ना किसानों को और अधिक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था में देश के लिए एक मॉडल बन चुका है। प्रदेश में हर नागरिक, व्यापारी और बेटी सुरक्षित महसूस कर रही है। जल्द ही प्रदेश को 60,200 नए पुलिस कार्मिक मिलेंगे, जिनकी निष्पक्ष परीक्षा और चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। प्रदेश सरकार ने पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत पद अनिवार्य रूप से बेटियों के लिए आरक्षित किए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रयागराज में सदी का सबसे बड़ा महाकुम्भ चल रहा है, जो आगामी 26 फरवरी तक जारी रहेगा। माघी पूर्णिमा पर करोड़ों श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश के लोग दुनिया को त्रिवेणी में आस्था के स्नान हेतु आमंत्रित कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बागपत में निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे का विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। 135 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 160 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 215.85 करोड़ रुपये लागत की 121 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। यह परियोजनाएं कनेक्टिविटी, सड़क निर्माण, शिक्षण संस्थानों की स्थापना और औद्योगिक विकास व अन्य कार्यों से सम्बन्धित हैं। बागपत में नई परियोजनाओं का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। आने वाले वर्षों में यह जनपद एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।
केन्द्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जयन्त चौधरी ने कहा कि यह पहला निर्माण चौधरी अजित सिंह जी की स्मृति में हो रहा है। चौधरी अजित सिंह एक दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने विदेश से एम0एस0 कर कम्प्यूटर साइंटिस्ट के रूप में अपनी शिक्षा पूरी की। लेकिन अपने पिता चौधरी चरण सिंह की विरासत को आगे बढ़ाते हुए देश और किसानों की सेवा को अपना जीवन समर्पित कर दिया। वह तकनीकी ज्ञान और भारतीय ग्रामीण समाज के उत्थान की सोच को जोड़ने वाले अनूठे राजनेता थे।
श्री जयन्त चौधरी जी ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2020-21 में डेटा सेंटर नीति बनी और इसके तहत 30 हजार करोड़ रुपये के निवेश से उत्तर प्रदेश को नई तकनीकी का केंद्र बनाने की दिशा में कार्य प्रारम्भ हुआ। वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश सरकार ने सेमीकंडक्टर नीति की पहल की और 30,700 करोड़ रुपये के निवेश से सेमीकंडक्टर उत्पादन के प्लांट को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही, मेण्टीनेंस रिपेयर एण्ड ओवरहॉल (एम0आर0ओ0) नीति बनाई गई, जिससे उत्तर प्रदेश को एयरोस्पेस और एविएशन क्षेत्र में भी बड़ी सफलता मिली।
श्री जयन्त चौधरी जी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रदेश के कायाकल्प का संकल्प लिया और निवेश को आकर्षित करने के लिए व्यापक सुधार किए। आज उत्तर प्रदेश एशिया के बड़े एयरो इंडिया समारोह में प्रतिनिधित्व कर निवेश ला रहा है। प्रदेश सरकार ने शिक्षा में ऐतिहासिक सुधार किए हैं, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश अब सिर्फ उत्तम प्रदेश नहीं, बल्कि सर्वोत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, ऋण के प्रतीकात्मक चेक, टै्रक्टर व आवास की चाभी प्रदान कीं।
इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अनिल कुमार, औद्योगिक विकास राज्य मंत्री श्री जसवन्त सिंह सैनी, वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री श्री के0पी0 मलिक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
ज्ञातव्य है कि लोकार्पित प्रमुख परियोजनाओं में लोक निर्माण विभाग की 138 परियोजनाएं, राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज सिंघावली अहीर, राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज बिलोचपुरा, बागपत में नया बस स्टेशन, आई0टी0आई0 प्रहलादपुर, यमुना नदी के बाएं किनारे स्थित ग्राम जागौस में बाढ़ सुरक्षा कार्य, खेलो इण्डिया कार्यक्रम के अन्तर्गत ग्राम मीतली में मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण, पुलिस लाइन बागपत में महिला बैरक का निर्माण, थाना बिनौली तथा थाना रमाला में हॉस्टल/बैरक का निर्माण शामिल हैं।
शिलान्यास की गयी प्रमुख परियोजनाओं में बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग का 02-लेन चौड़ीकरण, छपरौली से बिजवाडा रजवाहा माखर नहर पटरी का निर्माण, बागपत-मुरादनगर मार्ग का 02-लेन चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, हिंडन नदी पर नये सेतु, पहुंच मार्ग तथा सुरक्षात्मक कार्य, जिला चिकित्सालय बागपत में 50 शैय्या क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का निर्माण, राजकीय आयुष/यूनानी चिकित्सालय, मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय, औसिक्का तथा बड़ौत में 01 करोड़ रुपये से अधिक लागत से अमर शहीद बाबा शाहमल सिंह स्थल का पर्यटन विकास कार्य शामिल हैं।