मुख्यमंत्री ने महाकुम्भनगर में नाविकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने महाकुम्भनगर में प्रयागराज महाकुम्भ-2025 के समापन के उपरान्त नाविकों तथा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के चालकों से संवाद किया। मुख्यमंत्री जी ने महाकुम्भ के भव्य, दिव्य व सफल आयोजन में उनके योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री जी ने नाविकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जिस तरह से निषादराज ने त्रेता युग में भगवान श्रीराम को गंगा पार करायी थी, आज भी हमारे नाविक उसी परम्परा को निभा रहे हैं। करोड़ों लोगों ने संगम में पहली बार स्नान किया। जिसमें नाव चालकों की विशेष भूमिका रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में श्रृंग्वेरपुर में भगवान श्रीराम और निषादराज की 56 फीट ऊँची प्रतिमा की स्थापना तथा कॉरिडोर का निर्माण किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना में मत्स्य पालन से जुड़े हुए निषाद और इसी परम्परा से जुड़े अन्य सभी लोगों के कल्याण के लिए डबल इंजन सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने नाविकों और निषाद समाज के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अन्तर्गत किसान, उनके परिवार के सदस्य या खेती करने वाले किसी भी व्यक्ति के आपदा की चपेट में आने पर 05 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध करायी जाती है। इसी प्रकार नौका संचालन से जुड़े लोगों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उनका रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। मुख्यमंत्री कोष से नाविक कार्य से जुड़े गरीब नाविकों को नाव के लिए धनराशि उपलब्ध करायी जाएगी। ऐसे नाविकों, जिनका स्वास्थ्य बीमा कवर नहीं है, उन्हें आयुष्मान भारत योजना या मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर भी उपलब्ध कराया जाएगा।