परिवारवादियों को देश का पराक्रम अच्छा नहीं लगता, पीएम मोदी

नई दिल्ली (मानवीय सोच) यूपी विधान सभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार विरोधियों पर हमलावर हैं. आज गुरुवार को पीएम मोदी ने फतेहपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी में परिवारवादियों को देश का पराक्रम अच्छा नहीं लगता.

पीएम मोदी ने कुशीनगर हादसे पर जताया दुख

पीएम मोदी ने कुशीनगर में शादी के दौरान हुए हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘कल रात यूपी के कुशीनगर में एक शादी की रस्म हो रही थी. उस दौरान अचानक हुए हादसे में बहुत से लोगों ने अपना जीवन खो दिया. सभी पीड़ित परिवारों के साथ मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों की पूरी मदद की जा रही है.’

भाजपा के लिए समर्थन बढ़ता ही चला जा रहा..

इसके बाद उन्होंने कहा कि मैं अभी पंजाब से आ रहा हूं. मुझे पंजाब में बहुत वर्षों तक काम करने का अवसर मिला है. लेकिन इस बार मैंने जो पंजाब का मिजाज देखा है, पंजाब के लोगों का भाजपा को विजयी बनाने का जो जोश और उत्साह देखा है वो अद्भुत है. मुझे उत्तर प्रदेश में भी पहले दूसरे चरण में कईं स्थानों पर जाने का मौका मिला और तीसरे चरण के भी कुछ कार्यक्रम किए. मैं देख रहा हूं कि हर चरण में एक से बढ़कर एक जनता जनार्दन का भाजपा के लिए समर्थन बढ़ता ही चला जा रहा है. सारे वाद-सारे विवाद एक तरफ और राष्ट्रवाद एक तरफ.

परिवारवादी लोगों को टीके से भी समस्या है

उन्होंने कहा कि यूपी के लोगों ने ठान लिया है कि होली आने से पहले 10 मार्च को ही रंगों की होली धूमधाम से मनाएंगे. रिकॉर्ड वैक्सीन लगा ली है तो ये लोग बोलते हैं कि सरकार टीके के पीछे इतना पैसा क्यों खर्च कर रही है. लोगों की जिंदगी बचाने के लिए सरकार ने पैसे खर्च करने चाहिए या नहीं? परिवारवादी लोगों को टीके से भी समस्या है, मोदी औऱ योगी से भी समस्या है. टीके से दो लोग डरते हैं. एक- कोरोना वायरस दूसरा – ये टीका विरोधी लोग.

डबल इंजन की सरकार पिछले 2 सालों से गरीबों को मुफ्त राशन दे रही

फतेहपुर, बुंदेलखंड के इस क्षेत्र में पराक्रम, वीरता लोगों के खून में है. देश का सामर्थ्य बढ़ता देखकर यहां के लोगों का उत्साह और बढ़ जाता है. लेकिन ये जो यूपी के घोर परिवारवादी हैं, उन्हें देश का पराक्रम कभी अच्छा नहीं लगा. भाजपा की डबल इंजन की सरकार पिछले 2 सालों से गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है. दुनिया के बड़े बड़े देश अपने नागरिकों के लिए इतनी व्यवस्था नहीं कर पाए. धनी और संपन्न देश भी वो काम नहीं कर पाए, जो भारत ने करके दिखाया है.

जिसको मेरी आलोचना करनी है वो करेंगे..

जिसको मेरी आलोचना करनी है वो करेंगे, जिसको मुझे नीचा दिखाने का प्रयास करना है, वो करेंगे. लेकिन मैं देश की माताओं-बहनों के लिए शौचालय के अभियान को चलाऊंगा. आज गांव-गांव, घर-घर शौचालय बने हैं. ये लोग मुफ्त राशन देने वाली योजना पर सवाल खड़े कर रहे हैं. इसलिए मैं आपके बीच आया हूं, इन लोगों से सतर्क करने के लिए आपको जगाने आया हूं. क्योंकि ये लोग ऐसी ऐसी बातें करेंगे, ऐसी ऐसी हवाबाजी करेंगे. आपको गुमराह करने के लिए खेल खेलेंगे.

विरोधियों पर जमकर बरसे पीएम मोदी

जब लाल किले से मैंने कहा था कि देश की माताओं-बहनों की पीड़ा को दूर करने के लिए शौचालय बनाए जाएंगे, तब ये कहते थे कि कैसा प्रधानमंत्री है जो लाल किले से शौचालय की बात कर रहा है. उन्होंने न गरीबी देखी है और न गरीबों की मुसीबत देखी है. केंद्र सरकार ने जब तीन तलाक के विरुद्ध कानून बनाया तो ये पूरा कुनबा उस कानून के खिलाफ खड़ा हो गया. ये कितने स्वार्थ में डूबे हैं कि जो उनको वोट देते हैं, उनका भी ये भला नहीं सोच पाते हैं. ऐसे लोगों पर भरोसा किया जा सकता है क्या?

अब तो उत्तर प्रदेश ही बदल गया है

जिन परिवारवादियों ने गरीबों को वोट बैंक बनाकर रखा था, उनकी अब नींद हराम हो गई है. इनको लग रहा है कि उनकी वोटबैंक जा रही है. अरे भई, ये वोटबैंक के चक्कर में ही आपने देश को तबाह करके रखा है. देशवासियों का भला कीजिए, मेरे देश के लोग उदार हैं. जब तक गरीब सशक्त नहीं होता है, तब तक गरीबी खत्म नहीं हो सकती है. जिस दिन गरीब सशक्त हो जाता, वो भी गरीबी खत्म करने के लिए हमारा सिपाही बन जाता है. लोग कहते थे कि उत्तर प्रदेश में तो एक बार सरकार बनती है और दूसरी बार बदल जाती है. कुछ लोग तो सपनें देखते रहते हैं कि वैसे भी बदलना ही है. लेकिन अब तो उत्तर प्रदेश ही बदल गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *