मणिपुर के अगले मुख्यमंत्री का फैसला करने निर्मला सीतारमण-किरण रिजिजू इंफाल रवाना

मणिपुर (मानवीय सोच)  विधानसभा चुनाव 2022 में जीत के बाद भाजपा मुख्यमंत्री पद के चेहरे की पहचान में जोरशोर से लगी हुई है। इसी सिलसिले में रविवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कानून व न्याय मंत्री किरेन रिजिजू इम्फाल के लिए रवाना हुए। ये दोनों मणिपुर भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक हैं। सीतारमण ने ट्वीट करके मणिपुर जाने की जानकारी दी।

वहीं, मणिपुर के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह राजधानी दिल्ली पहुंचे हैं। इस दौरान वे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नामों से मुलाकात करेंगे। खबर है कि भाजपा विधायक थोंगम विश्वजीत सिंह भी अलग फ्लाइट से दिल्ली पहुंच चुके हैं। अटकलें लागई जा रही हैं कि मणिपुर के सीएम पद की रेस में उनका नाम भी शामिल है।

सीएम को लेकर स्थिति साफ नहीं
मणिपुर में लगातार दूसरी बार सत्ता में लौटने के लिए भगवा पार्टी के बहुमत हासिल करने के एक हफ्ते से अधिक समय के बाद भी अगली सरकार कब कार्यभार संभालेगी या इसका नेतृत्व कौन करेगा, इसका कोई स्पष्ट संकेत नहीं है। मुख्यमंत्री पद के लिए दो उम्मीदवारों एन. बीरेन सिंह और थोंगम बिस्वजीत सिंह के नाम की अटकलें हैं। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक तीसरा दावेदार भी है, पिछली विधानसभा में स्पीकर युमनाम खेमचंद सिंह, जिन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का समर्थन प्राप्त है।

मणिपुर में गुटबाजी!
10 मार्च को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए थे। इसके बाद पार्टी में गुटबाजी की खबरों के बीच बीरेन सिंह, विश्वजीत सिंह और भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष ए शारदा देवी ने 15 मार्च को दिल्ली का रुख किया था। इसके बाद तीनों नेता 17 मार्च को इंफाल लौट आए थे। मालूम हो कि 60 विधानसभा सीटों वाले मणिपुर में भाजपा ने 32 सीटों पर जीत हासिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *