कुख्यात संजीव जीवा की 1.86 करोड़ की संपत्ति कुर्क

उत्तर प्रदेश (मानवीय सोच)  शामली जनपद में शुक्रवार को प्रशासन द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासन की टीम ने कुख्यात संजीव जीवा और उसकी पत्नी पायल माहेश्वरी की करीब आठ बीघा जमीन को कुर्क किया है। भूमि दो हिस्सों में थाना आदर्श मंडी और सदर कोतवाली क्षेत्र में थी। जमीन की कीमत करीब 1.86 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इससे पहले भी संजीव जीवा की आदमपुर गांव में करीब 21 बीघा जमीन कुर्क की जा चुकी है।

कुख्यात संजीव जीवा की 1.86 करोड़ की संपत्ति को कुर्क किया गया है। इससे पहले भी उसकी करोड़ों रुपये की संपत्ति को कुर्क किया जा चुका है।

बाबरी थाना क्षेत्र के गांव आदमपुर निवासी कुख्यात बदमाश संजीव माहेश्वरी उर्फ संजीव जीवा की जमीन कुर्क की गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव बलवा में करीब छह बीघा कृषि जमीन और आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में शहर जाट कॉलोनी में करीब दो बीघा आवासीय भूमि को एसडीएम सदर बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर कुर्क किया गया है। बलवा गांव में स्थित जमीन की देख-रेख की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान को सौंपी गई है।

वहीं जाट कॉलोनी की भूमि प्रशासन ने अपने कब्जे में ले ली है। अधिकारियों का कहना है कि यह संजीव जीवा की अपराधिक कार्यों से अर्जित की गई संपत्ति थी। जिसे कुर्क कर लिया गया है। आगे भी अपराधियों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *