अस्थायी बिजली कनेक्शन में धांधली के दोषियों पर जल्द होगी कार्रवाई

नोएडा  (मानवीय सोच)    व ग्रेटर नोएडा में अस्थायी बिजली कनेक्शन में धांधली के मामले में दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। इस मामले में 23 इंजीनियरों के खिलाफ जांच पूरी कर ली गई है। पावर कॉर्पोरेशन को जांच रिपोर्ट सौंप दी गई हैं। इनमें तीन अधिशासी अभियंता, आठ सहायक अभियंता व 12 अवर अभियंता शामिल हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर कुछ को बर्खास्त तक किया जा सकता है। अगले सप्ताह तक इस मामले में कार्रवाई होने की संभावना है।

नोएडा व ग्रेटर नोएडा में पिछले साल सितंबर में अलग-अलग विद्युत वितरण खंडों में निर्माण कार्यों के लिए जारी अस्थायी बिजली कनेक्शन में बड़े पैमाने पर धांधली का खुलासा हुआ था। पावर कॉर्पोरेशन मुख्यालय से भेजी गई जांच रिपोर्ट के आधार पर 23 इंजीनियरों को उनके मौजूदा तैनाती स्थल से स्थानांतरित करते हुए चार्जशीट दी गई थी।

इनमें से ज्यादातर ने चार्जशीट का जवाब दे दिया है और इनकी जांच पूरी करके प्रबंधन को रिपोर्ट सौंप दी गई है। सूत्रों का कहना है कि जांच रिपोर्ट का परीक्षण अंतिम दौर में है। जल्द ही मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी होंगे। इनमें से कुछ की बर्खास्तगी भी हो सकती है।

गौरतलब है कि इस मामले का खुलासा होने केबाद पावर कार्पोरेशन प्रबंधन ने बीते दो वर्ष में नोएडा व ग्रेटर नोएडा में तैनात रहे तीन एक्सईएन, आठ एई व 12 जेई का तबादला दूसरे निगमों में कर दिया था। इन सभी पर निर्माण कार्यों के लिए अस्थायी कनेक्शन में धांधली का आरोप था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *