टोक्यो (मानवीय सोच) क्वाड सम्मेलन में भाग लेने के लिए जापान पहुंचे पीएम मोदी ने मंगलवार को जापान के वर्तमान प्रधानमंत्री फुशियो किशिदा के साथ द्विपक्षीय बैठक से पहले जापान के तीन पूर्व प्रधानमंत्रियों से मुलाकात की। तीनों पूर्व प्रधानमंत्रियों योशीहिदे सुगा, शिंजो आबे और योशिरो मोरी के साथ पीएम मोदी की इस मुलाकात से उनकी विदेशों में बढ़ती साख और मजबूत व्यक्तिगत कैमेस्ट्री का पता चलता है।
पीएम मोदी ने जापान के तीन पूर्व प्रधानमंत्रियों के साथ की चर्चा
बैठक के दौरान चारों नेताओं के बीच भारत-जापान के बीच द्विपक्षीय संबंधों विशेषकर रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के के साथ-साथ शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत के लिए भारत और जापान के साझा दृष्टिकोण पर व्यापक रूप से चर्चा हुई। इस दौरान जापान के पूर्व प्रधानमंत्रियों ने पीएम मोदी के साथ दोनों देशों के सांस्कृतिक और लोगों से लोगों के बीच संबंधों को और ज्यादा बढ़ावा देने के तरीकों पर भी चर्चा हुई।
पीएम मोदी ने शिंजो आबे को दी शुभकामनाएं
गौरतलब है कि योशिरो मोरी जापान-भारत संघ (जेआईए) के वर्तमान अध्यक्ष हैं। वहीं, शिंजो आबे शीघ्र ही इस भूमिका को संभालेंगे। पीएम मोदी ने मुलाकात के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को उनकी इस नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
पीएम मोदी ने भारत-जापान के बीच संबंधों को बढ़ाने के लिए योशिरो मोरी को दी शुभकामनाएं
जापान-भारत संघ की स्थापना 1903 में की गई थी। ये जापान के सबसे पुराने मैत्री संघों में से एक है। मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में भारत और जापान के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा देने में मोरी के नेतृत्व में जेआईए द्वारा किए गए महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।
पीएम मोदी ने योशीहिदे सुगा का अदा किया शुक्रिया
योशीहिदे सुगा से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए उनका शुक्रिया अदा किया। इस दौरान पीएम मोदी ने अपनी पिछली बातचीत को याद किया। दोनों नेता सितंबर 2021 में वाशिंगटन डीसी में पहली बार व्यक्तिगत रूप से क्वाड लीडर्स समिट के मौके पर द्विपक्षीय बैठक में मिले थे।
पीएम मोदी ने दूसरे इन-पर्सन क्वाड लीडर्स समिट में लिया भाग
इससे पहले मंगलवार को पीएम मोदी ने जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं के साथ टोक्यो में दूसरे इन-पर्सन क्वाड लीडर्स समिट में भाग लिया। क्वाड शिखर सम्मेलन के दौरान नेताओं ने एक स्वतंत्र, खुले और समावेशी इंडो-पैसिफिक के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता और संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के सिद्धांतों को बनाए रखने के महत्व को दोहराया।
