बिजली संकट की वजह से लोगों को न दिन में चैन मिल रहा है और न ही रात को सुकून। शहर के अधिकांश लोग हाय बिजली हाय बिजली चिल्ला रहे हैं, लेकिन केस्को की लचर व्यवस्था में कोई सुधार नहीं आ रहा है। बीते 24 घंटे में केस्को के अधिकारियों के मुताबिक 355 फॉल्ट हुए हैं। जिन्हें सुधारने के लिए शटडाउन लेना मजबूरी है। शहर में इस समय बिजली संकट चरम पर है। गुरुवार रात को बर्रा विश्व बैंक, कल्यानपुर, बारासिरोही, पनकी, शताब्दी नगर, जाजमऊ समेत 10 क्षेत्रों में रातभर बिजली आती जाती रही। शुक्रवार को जूही, साईं पुरवा, जाजमऊ गंगा विहार समेत आदि क्षेत्र में दिनभर बिजली का रोना रहा। लाजपत नगर, ओमपुरवा, दर्शनपुरवा, नौबस्ता, हनुमंत विहार, बर्रा पांच व चार, ख्योरा नवाबगंज समेत आदि क्षेत्रों में एक फेस नहीं आने व लो वोल्टेज की समस्या काफी रही। 24 घंटे में करीब चार सौ फॉल्ट के कारण लोग भीषण गर्मी में लोग पसीना पोछते रहे। केस्को मीडिया प्रभारी श्रीकांत रंगीला के मुताबिक लोड अधिक बढ़ने की वजह से जंपर क्षतिग्रस्त हो जा रहे हैं, जिस वजह से बिजली आपूर्ति में व्यवधान आ रहा है। जंपर की मरम्मत करने या बदलने में जो समय लग रहा है, उतने समय तक ही शटडाउन लिया जा रहा है।
