आम आदमी पार्टी ने शैली ओबरॉय को बनाया मेयर कैंडिडेट

दिल्ली   (मानवीय सोच)  दिल्ली नगर निगम का मेयर कौन होगा, अब इससे सस्पेंस खत्म होता नजर आ रहा है. एमसीडी चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को मेयर पद और डिप्टी मेयर पद के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया. आप की तरफ से पटेल नगर से पार्षद शैली ओबरॉय मेयर पद और चांदनी महल से पार्षद आले मोहम्मद इकबाल को डिप्टी मेयर का उम्मीदवार बनाया है.

आम आदमी पार्टी की सबसे बड़ी डिसीजन मेकिंग बॉडी पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक हुई. PAC की बैठक में आज इन दोनों नामो पर मुहर लगाई गई. PAC की बैठक के बाद आप के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने प्रेस कांफ्रेंस करके मेयर पद के लिए शैली ओबरॉय और डिप्टी मेयर पद के लिए आले मोहम्मद इकबाल के नाम का ऐलान किया. साथ ही स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों के नाम का भी ऐलान किया गया. पंकज गुप्ता ने बताया कि मेयर और डिप्टी मेयर अभी 3 महीने के लिए चुना जाएगा.

ये होंगे स्टैंडिंग कमेटी में
आम आदमी पार्टी की पीएसी ने 4 सदस्यों को स्टैंडिंग कमेटी के लिए चुना है. स्टैंडिंग कमेटी के लिए आमिल मलिक, रमिंदर कौर, सारिका चौधरी और मोहिनी जीनवाल के नाम पर मुहर लगाई गई है. बता दें कि 6 जनवरी को दिल्ली नगर निगम की पहली बैठक में मेयर, डिप्टी मेयर और स्थाई समिति के सदस्यों का चुनाव होगा. 7 दिसंबर को घोषित हुए  MCD चुनाव परिणाम में आम आदमी पार्टी की 134 सीटें और भाजपा की 104 सीटें आई थी. दिल्ली भाजपा पहले ही एलान कर चुकी है कि वो मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *