80 लोकसभा सीट और 4 विधानसभा सीट के उप चुनाव की मतगणना मंगलवार को सुबह 8 बजे से 7 पुलिस कमिश्नरेट एवं 68 जनपदों में कुल 81 स्थानों पर होगी। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार मतगणना केंद्र की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर मतगणना स्थल पर 93 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही सीएपीएफ और पीएसी की कंपनियों को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों, अफवाहों के खण्डन एवं सत्यता की जानकारी कर कार्रवाई के लिए हर कमिश्नरेट/जनपद में सोशल मीडिया टीम द्वारा 24 घंटे मॉनीटरिंग की जा रही है।
ये जानकारी लोकभवन के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में अपर मुख्य सचिव गृह दीपक कुमार और डीजीपी प्रशांत कुमार ने दी। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के डायरेक्टर शिशिर सिंह भी मौजूद रहे। अपर मुख्य सचिव गृह दीपक कुमार ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में बने मतगणना स्थलों की सीसीटीवी के जरिये निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही मतगणना स्थल पर मीडिया गैलरी का भी निर्माण किया गया है। इसके प्रभारी सूचना अधिकारी होंगे, जो समय-समय पर पत्रकारों को मतगणना हाल का भ्रमण कराएंगे। डीजीपी ने बताया कि मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए 81 स्थानों पर 160 उपायुक्त/अपर पुलिस अधीक्षक, 476 सहायक पुलिस आयुक्त/पुलिस उपाधीक्षक, 2248 निरीक्षक, 12883 उपनिरीक्षक, 20876 महिला आरक्षी, 50697 आरक्षी और 6149 होमगार्ड्स को तैनात किया गया है।
