गाजीपुर-चंदौली के बाद वाराणसी पहुंचे सीएम योगी : कर रहे निरीक्षण

वाराणसी  (मानवीय सोच)  गंगा में उफान और बाढ़ के कारण वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में त्राहिमाम मचा है। बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पूर्वांचल के दौरे पर हैं। गाजीपुर और चंदौली में हालात का जायजा लेने के बाद सीएम योगी वाराणसी पहुंचे।

बीएचयू हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री एनडीआरएफ के अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने निकल गए। बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करने के बाद गोयनका विद्यालय में राहत सामग्री का वितरण किया।  अस्सी घाट से नगवा आदि क्षेत्रों का बोट से निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे।

दर्शन-पूजन के बाद फिर ललिता घाट होते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने निकले। उनके साथ जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और कई विधायक भी मौजूद हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देर रात सर्किट हाउस में कानून व्यवस्था और विकास परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक भी करेंगे। गुरुवार सुबह लखनऊ रवाना हो जाएंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गाजीपुर और चंदौली में  हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वे किया। इसके बाद पीड़ितों को राहत सामग्री का वितरण भी किया। उन्होंने गंगा की बाढ़ का दंश झेल रहे लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। बता दें कि गंगा नदी में घटाव शुरू हो चुका है लेकिन जलस्तर अब भी खतरे के निशान से ऊपर है। गाजीपुर, वाराणसी और चंदौली जिले में हजारों परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *