लखनऊ: (मानवीय सोच) ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में तीन साल बाद पीएचडी में प्रवेश होने जा रहे हैं. लंबे वक्त के बाद छात्र-छात्राओं को यहां प्रवेश का सुनहरा असवर मिला है. खास बात यह है कि इस बार विश्वविद्यालय ने नियमित के साथ ही पार्ट टाइम पीएचडी भी कराने का फैसला लिया है.
विवि के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नीरज शुक्ला ने बताया कि तीन सालों में यहां सीटें खाली नहीं होने कारण यहां विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा था. अब सीटें खाली हुई हैं, तो एडमिशन लिए जा रहे हैं. पुराने छात्र-छात्राएं अपनी थीसिस जमा कर चुके हैं. नियमित पीएचडी में यहां पर 30 सीटें होंगी, जबकि पार्ट टाइम पीएचडी में 9 सीटों को रखा गया है.
प्रवेश परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर होंगे दाखिले
प्रवेश परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर यहां दाखिले होंगे. पांच फरवरी को प्रवेश परीक्षा होगी, जबकि 19 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं. 19 जनवरी के बाद 1000 विलंब शुल्क के साथ 27 जनवरी तक भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. 30 जनवरी को प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे. इसके बाद 5 फरवरी को प्रवेश परीक्षा होगी.
25 जनवरी तक लखनऊ विश्वविद्यालय में करें आवेदन
लखनऊ विश्वविद्यालय के पीएचडी रेगुलर सत्र के ऑनलाइन प्रवेश फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 25 जनवरी कर दी गई है. ऑनलाइन फॉर्म का शुल्क जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के छात्र-छात्राओं के लिए 2000 रुपये का है, जबकि एससी-एसटी और दिव्यांगों के लिए 1000 रुपये का है. किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर हेल्पलाइन नंबर 0522-4150500 पर रोज सुबह 10 से शाम 6 तक संपर्क कर सकते हैं.
