वाराणसी (मानवीय सोच) भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे मौत मामले में एक बड़ा मोड़ आ गया। प्रकरण में आरोपी भोजपुरी गायक समर सिंह को वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस ने शुक्रवार को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। समर और आकांक्षा कुछ माह पहले तक लिव इन रिलेशन में थे। आकांक्षा दुबे की मां ने अपनी बेटी की मौत का जिम्मेदार समर सिंह और उसके सहयोगी को ठहराया है।
समर सिंह की गिरफ्तारी से भोजपुरी अभिनेत्री की मां को न्याय की आस जगी है। भदोही के चौरी थाना क्षेत्र के बरदहां गांव स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ का आभार जताया और कहा कि जैसे समर सिंह गिरफ्तारी हुई है, वैसे ही उसे सजा भी मिले। इसके साथ ही उन्होंने आकांक्षा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी लीपापोती कर तथ्य छुपाने का आरोप भी लगाया।
फूट-फूट कर रोईं आकांक्षा की मां
आकांक्षा की मां मधु दुबे ने सीएम योगी से समर सिंह को फांसी की सजा देने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि मैं योगी सरकार से यही चाहती हूं कि मेरी बेटी को न्याय दिलाएं। समर सिंह और संजय सिंह को फांसी की सजा होनी चाहिए। मेरी बेटी आकांक्षा आत्महत्या नहीं कर सकती।
