आजमगढ़ : (मानवीय सोच) एक बार फिर से संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने का मामला सामने आया है। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के शेखवलिया गांव गांव में कुछ असामाजिक तत्वों ने बाबा साहव की प्रतिमा को उखाड़ कर कुएं में फेंक दिया। बदमाशों ने क्षेत्र में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमा गायब देखा तो आक्रोशित हो उठे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त हुई प्रतिमा को कुएं से बरामद किया और फिर ग्रामीणों की मांग पर नई प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। शेखवलिया गांव के बाहर काली माता का मंदिर है। इसी मंदिर के मैदान में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा भी स्थापित थी।
गुरुवार रात अराजक तत्वों ने प्रतिमा को चबूतरे से उखाड़ फेंका। पास स्थित कुएं में प्रतिमा को फेंक कर उस पर कूड़ा डाल दिया। शुक्रवार सुबह ग्रामीण जब मंदिर की तरफ गए तो डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा गायब देख कर आक्रोशित हो उठे। कुछ ही देख में काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और हंगामा करने लगे।
