जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल की पत्नी अनीता गोयल का गुरुवार सुबह निधन हो गया. वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं. अनीता गोयल के परिवार में उनके पति और दो बच्चे नम्रता और निवान गोयल हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनीता गोयल ने गुरुवार तड़के तीन बजे अंतिम सांस ली. बता दें कि अनीता गोयल जेट एयरवेज के ऑपरेशन्स से जुड़ी हुई थीं और वह एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट थीं. नरेश गोयल, जो खुद कई स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित हैं, ने अपनी पत्नी के साथ रहने के लिए मानवीय आधार पर इस महीने की शुरुआत में बॉम्बे हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मांगी थी. उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 1 सितंबर, 2023 को गिरफ्तार किया गया था. वह फिलहाल जमानत पर बाहर हैं, क्योंकि उन्होंने पत्नी की बीमारी का हवाला देते हुए कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी. जिसके बाद बाम्बे हाई कोर्ट ने उन्हें 2 महीने की जमानत दी थी.
