बाहुबली अतीक अहमद की पत्नी ने की सीएम योगी की तारीफ

लखनऊ  (मानवीय सोच)  बाहुबली अतीक अहमद  की पत्नी शाइस्ता परवीन  ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  की तारीफ की है. परवीन ने सीएम योगी के नाम पर एक खुला पत्र भी लिखा है.

उन्होंने कहा कि अपने शौहर के बयान को सुनकर मेरा मन हुआ कि आपको (सीएम योगी) पत्र लिखने का और आपसे मुलाकात का.

अतीक अहमद की पत्नी ने सीएम योगी से अपने बेटे के लिए अपील करते हुए कहा, “मेरे 18-20 साल के पढ़ने वाले बच्चे जेल भेज जा रहे हैं. मेरा बेटा अली, जो कि 18 साल का है और अभी 12 वीं क्लास पास करके यूनिवर्सिटी में लॉ कोर्स में एडमिशन लेने जा रहा था. सस्ती लोकप्रियता के लिए यहां के कुछ पुलिस अधिकारी जिसमें प्रमुख रूप से आईजी प्रयागराज शामिल है, ने हम लोगों के विरोधियों से मिलकर बहुत पैसा लेकर मेरे बेटे के खिलाफ फर्जी मुकदमा लिखवाया.”

मीडिया से बातचीत करते हुए परवीन ने बताया कि हमारा बच्चा निर्दोष है और उसे इंसाफ चाहिए. हम सीएम योगी से मामले में जांच की अपील करते हैं. मुझे विश्वास है कि सीएम योगी हमारे मामले को सुनेंगे और मेरे बेटे को न्याय दिलाएंगे.

उन्होंने बताया कि उनका बहनोई इमरान और इमरान का भाई जानू पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर उनके बेटे को फर्जी केस में फंसा रहे हैं.

बता दें कि बीएसपी विधायक राजू पाल हत्याकांड मामले में पिछले दिनों लखनऊ के कोर्ट में पेशी को पहुंचे अतीक अहमद ने कहा था कि योगी बहुत बहादुर मुख्यमंत्री हैं, ईमानदार हैं और मेहनत कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *