एकेटीयू के बैंक खाते से 120 करोड़ रुपये उड़ाने वाले गिरोह के तार महाराष्ट्र, गुजरात व यूपी से जुड़े है। जिस श्रृद्धा एजूकेशन एण्ड चैरिटेबिल ट्रस्ट के खाते में सौ करोड़ की रकम गई है। उसका पंजीकरण महाराष्ट्र के पते पर हुआ है। जबकि उसका खाता गुजरात के अहमदाबाद विजय क्रास रोड स्थित इंडसइंड बैंक में खोला गया है। वहीं ट्रस्ट के संचालक ने अपना पता भी गलत दर्ज कराया है। पता सूरत देहात का है। जबकि उसका ठिकाना सूरत शहर में है। इस गिरोह का खुलासा करने में साइबर क्राइम थाने की टीम को पांच दिन लगे।साइबर क्राइम थाने के प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार यादव ने बताया कि जिस ट्रस्ट के खाते में रकम गई है उसके ही दस्तावेज में काफी झोल है। इतनी बड़ी रकम की हेराफेरी करने में यूपी के जालसाज तो सिर्फ मोहरा है। असली मास्टर माइंड अनुराग श्रीवास्तव को माना जा रहा है। वहीं, दूसरा जय कुमार उर्फ एनके सिंह भी इसी काम में उसका साथ देता रहा। असली खेल तो गुजरात के अहमदाबाद और सूरत से हुआ। इस गिरोह के अभी पांच अन्य सदस्यों की चिह्नित कर लिया गया है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। जालसाजी में शामिल राजेश बाबू फिल्म प्रोड्यूसर है। भोजपुरी फिल्म दबंग दामाद प्रोड्यूस कर चुका है। जिसके कलाकार रितेश पाण्डेय और अकक्षरा सिंह थे। वहीं शैलेश कुमार फार्मासिस्ट है। जिसके खाते से गवाही कराकर नया फर्जी खाता खुलवाया था। जालसाजों ने महाराष्ट्र से सीधे लखनऊ के कार एजेंसी के खाते में रकम भेजी थी।
