बड़ी कार्रवाई, गोतस्कर बंजारा बंधुओं की छह करोड़ की कोठी कुर्क

मेरठ  (मानवीय सोच)  शास्त्रीनगर में गोतस्कर अकबर बंजारा और शमीम बंजारा की छह करोड़ रुपये की कोठी सोमवार को कुर्क किया गया है। पुलिस अब तक बंजारा बंधुओं की 35 करोड़ की संपत्ति कुर्क कर चुकी है। लगातार बंजारा भाइयों की अवैध संपत्ति और जमीनों पर पुलिस एक्शन ले रही है।

बताया गया कि पुलिस सोमवार को शास्त्रीनगर स्थित कोठी में पहुंची तो बाहर का दरवाजा बंद था। पुलिस सीढ़ी लगाकर अंदर दाखिल हुई। उसके बाद पूरे मकान को अपने कब्जे में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, अकबर बंजारा के भाई शमीम बंजारा की तीन करोड़ की संपत्ति को आज बिजनौर में भी कुर्क किया जाएगा। बिजनौर पुलिस मेरठ पुलिस के साथ मिलकर शमीम बंजारा की अवैध तरीके से अर्जित की गई जमीन को जब्त करेगी।

बिजनौर के नगीना तहसील के औरंगाबाद गांव में शमीम बंजारा की तीन करोड़ की 54 बीघा जमीन को कुर्क किया जाएगा। बता दें कि बंजारा की लगभग 35 करोड़ की संपत्ति को पुलिस अब तक कुर्क कर चुकी है। अन्य संपत्तियों पर पुलिस लगातार जांच कर रही है।

बता दें कि अंतरराष्ट्रीय गोतस्कर अकबर बंजारा और सलमान 19 अप्रैल 2022 को असम में हुए एनकाउंटर में मारे गए थे। अकबर बंजारा पर असम में दो लाख रुपये का इनाम घोषित हुआ था। गैंगस्टर एक्ट में पुलिस ने फलावदा थाने में दर्ज मुकदमे की विवेचना में अवैध संपत्ति होना पाया। शुरुआत में जांच में आया कि अंतरराष्ट्रीय गोतस्करों ने अलग-अलग जगहों पर करीब 300 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की। अन्य संपत्ति की अभी जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *