कानपुर में बीजेपी पार्षद के भतीजे पर कोचिंग से लौट रही छात्र से छेड़खानी का आरोप

कानपुर (मानवीय सोच) बीजेपी पार्षद के भतीजे पर दिन दहाड़े राह चलती युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। आरोपी ने युवती का बाइक से पीछा किया और फिर उसे रिक्शे से खींचकर अपनी बाइक पर बिठाने की भी कोशिश की। युवती को बचाने की कोशिश में जब भीड़ मौके पर जमा हुई तो आरोपी अपने चाचा के नाम का धौंस देने लगा और लोगों को धमकाते हुए निकल गया। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है। 

चकेरी के पीएसी मोड़ इलाके की रहने वाली 16 साल की युवती के पिता के अनुसार उनकी बेटी शुक्रवार की शाम को लाल बंगला से कोचिंग पढ़कर ई रिक्शा से वापस घर लौट रही थी। इस दौरान शिव कटरा मोड़ के पास जाम लगा था। पीछे से कृष्णा नगर इलाके के बीजेपी पार्षद का भतीजा तिलक गुप्ता बाइक से आया और पीड़िता से छेड़खानी करने लगा। छात्रा के जब इसका विरोध किया तो आरोपी उसे जबरन रिक्शे से खींचकर बाइक पर बिठाने की कोशिश करने लगा। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने युवक को रोकने की कोशिश की तो वो उन्हें ही उल्टा धमकाने लगा। 

आरोपी ने वहां मौजूद लोगों को धमकाया और फिर बाइक लेकर वहां से चला गया। पीड़िता ने घर जाकर पिता को आपबीती सुनाई। छात्रा के पिता ने पुलिस से इस मामले की शिकायत की है। थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *