भाजपा नेता के भांजे को संदिग्ध हालात में लगी गोली

लखनऊ  (मानवीय सोच)  बाबूगंज पुलिस चौकी के पास स्थित घर में शुक्रवार देर रात भाजपा नेता महेंद्र सोनी के भांजे भूमेंद्र को संदिग्ध हालात में गोली लग गई। भूमेंद्र को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। पुलिस घटना से जुड़े सभी बिंदुओं की पड़ताल कर रही है।

इंस्पेक्टर हसनगंज अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बाबूगंज चौकी के पास रहने वाले भाजपा नेता महेंद्र सोनी का भांजा भूमेंद्र गुड़गांव स्थित एक कंपनी में नौकरी करता है। शुक्रवार रात घर के अंदर संदिग्ध हालात में पिस्टल से गोली चली ओर भूमेंद्र घायल हो गए। गोली की आवाज सुनकर घरवाले दौड़े तो कमरे में खून से लथपथ हालत में भूमेंद्र पड़े थे। आनन फानन ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। जहां, हालत गंभीर देख भूमेंद्र को डाक्टरों ने भर्ती कर लिया। पास में चौकी होने से पुलिस को भी तत्काल घटना की जानकारी हो गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। इंस्पेक्टर के मुताबिक महेंद्र सोनी ने बताया कि भांजे का एक युवती से प्रेम प्रसंग था। दोनों में कुछ विवाद हो गया था। इस कारण वह डिप्रेशन में था। वहीं, भूमेंद्र ने बताया कि मामा की पिस्टल कमरे में रखी थी। वह देखकर उसे खोल रहे थे। इस बीच एकाएक गोली चल गई। जिससे वह घायल हो गए।

भाजपा नेता की लापरवाही से हुई घटना, कमरे में खुली रखी थी पिस्टल
पुलिस के मुताबिक मामले में भाजपा नेता की लापरवाही सामने आयी है। घर के अंदर कमरे में पिस्टल लाक करके रखनी चाहिए। इंस्पेक्टर ने बताया कि इस संबंध में महेंद्र ने बताया कि वह घर पहुंचे और कमरे में पिस्टल निकालकर रखी। इसके बाद मां को दवाई देने चले गए। अलमारी में पिस्टल रखकर लाक करना भूल गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *