भाजपा विधायक टी राजा सिंह को गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद मिली जमानत

हैदराबाद :  (मानवीय सोच)  तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा सिंह को गिरफ्तारी के कुछ घंटों के भीतर जमानत दे दी गई। एक अदालत ने उनकी रिमांड वापस कर उन्हें उनकी रिहाई का आदेश दिया है। इससे पहले पैगंबर मोहम्मद पर कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में टी राजा सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। उन्हें मंगलवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

हालांकि गिरफ्तारी के दौरान दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 41 का पालन नहीं किए जाने के बाद अदालत ने उनकी रिहाई का आदेश दिया। टी राजा सिंह को चेतावनी के साथ रिहा कर दिया गया। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तेलंगाना के अपने विधायक टी राजा सिंह को इस्लाम के खिलाफ की गई एक विवादास्पद टिप्पणी के मामले में मंगलवार को पार्टी से निलंबित कर दिया। साथ ही पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर यह भी पूछा कि क्यों ना उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया जाए।

एक धर्म विशेष के खिलाफ सिंह की कथित विवादास्पद टिप्पणी के मामले ने उस वक्त तूल पकड़ लिया जब उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर समुदाय के कई लोगों ने हैदराबाद में धरना-प्रदर्शन किया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया था। भाजपा विधायक ने स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी और धर्म विशेष की आलोचना करते हुए सोमवार को एक वीडियो जारी किया था। वीडियो में सिंह कथित तौर पर एक धर्म विशेष के खिलाफ कुछ टिप्पणी करते दिख रहे हैं। फारुकी ने हाल ही में शहर में एक कार्यक्रम में प्रस्तुति दी थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *