भाजपा की कोर कमेटी का हो सकता है विस्तार

लखनऊ (मानवीय सोच)  लोकसभा चुनाव सहित संगठनात्मक कार्यक्रमों और सरकार व संगठन के बीच संतुलन व सामंजस्य के लिए प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी का विस्तार हो सकता है। कमेटी में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, दलित और महिला प्रतिनिधि को शामिल किया जा सकता है।

भाजपा में प्रदेश सरकार व संगठन के स्तर पर चुनाव कार्यक्रम, संगठनात्मक कार्यक्रम, विपक्षी दलों के खिलाफ रणनीति, जनता व कार्यकर्ताओं के फीडबैक के आधार पर सरकार व संगठन की कार्ययोजना बनाने और निगम, आयोग व बोर्ड में राजनीतिक नियुक्तियां समेत अन्य कार्यों के लिए कोर कमेटी है।

कोर कमेटी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उप मुख्यंमत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह सदस्य हैं।

सूत्रों के मुताबिक कोर कमेटी का विस्तार कर इसमें पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, एक महिला और दलित वर्ग के एक प्रतिनिधि को भी शामिल किया जा सकता है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के कार्यभार ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रदेव सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा था कि स्वतंत्र को स्वतंत्र नहीं होने देंगे। वहीं सूत्रों का कहना है कि कोर कमेटी में संतुलन बनाए रखने के लिए स्वतंत्रदेव को शामिल कराया जा सकता है। हालांकि कोर कमेटी में सदस्य बढ़ाने का अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व के जरिए ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *