मुख्तार अंसारी पर हमले में ब्रजेश सिंह की पेशी

गाजीपुर   (मानवीय सोच)  पूर्व विधायक माफिया मुख्तार अंसारी पर जानलेवा हमले के मामले में आरोपित माफिया डॉन ब्रजेश सिंह उर्फ अरूण कुमार सिंह की मंगलवार को गाजीपुर की एमपी/एमएलए कोर्ट में पेशी हुई। कड़ी सुरक्षा और कोर्ट में गहमागहमी के बीच ब्रजेश सिंह न्यायालय पहुंचे। हाईकोर्ट से जमानत मिलने  और जेल से बाहर आने के बाद पहली बार ब्रजेश सिंह किसी अदालत में पेश हुए हैं। सालों बाद यह पहला मौका था जब ब्रजेश अपने घर से अदालत पहुंचे।

उसरी चट्टी कांड के नाम से मशहूर केस की सुनवाई में बांदा जेल से मुख्तार अंसारी को भी वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए जुड़ना था। निजी कारणों से विशेष जज रामसुध सिंह अवकाश पर थे। इसके चलते 29 अगस्त की तारीख तय कर दी गई।

15 जुलाई 2001 को मुख्तार अंसारी पर मऊ जाते समय गाजीपुर के उसरी चट्टी पर हमला हुआ था। उनके काफिके पर स्वचालित हथियारों से फायरिंग की गई थी। गोलीबारी में मुख्तार अंसारी के गनर की मौत हो गई थी। हमलावरों में से भी एक शूटर मारा गया था। मुख़्तार अंसारी के हमराहियों को भी चोट आई थी।

मुख्तार अंसारी ने ब्रजेश सिंह और त्रिभुवन सिंह को नामजद करते 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के बाद पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। इसमें से दो आरोपियों की मौत हो चुकी है। त्रिभुवन सिंह मिर्जापुर जेल में बंद है। ब्रजेश सिंह को पिछले ही दिनों जमानत पर रिहा किया गया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *