लखनऊ (मानवीय सोच) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी उत्तर प्रदेश में पार्टी के बड़े पुनर्गठन में लगी है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में एक नया प्रदेश अध्यक्ष के साथ छह प्रांतीय अध्यक्ष को नियुक्त किया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष बृजलाल खाबरी तथा अन्य छह प्रांतीय अध्यक्ष आठ अक्टूबर को लखनऊ में अपना कार्यभार संभालेंगे।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अब विजयादशमी के बाद नए कलेवर में दिखेगी। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी के साथ छह प्रांतीय अध्यक्ष आठ को अपना कार्यभार संभालेंगे। लखनऊ के माल एवेन्यु में कांग्रेस के दफ्तर ने इनके कक्ष को तैयार किया जा रहा है। बृजलाल खाबरी के साथ ही छह प्रांतीय अध्यक्षों के नामों की घोषणा एक अक्टूबर को की गई थी।
पद संभालने के बाद राजनीतिक कार्यक्रम जारी किए जाएंगे
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर में इन सभी के अपना पद संभालने के बाद राजनीतिक कार्यक्रम जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश में संगठन को विस्तार देने के लिए नए लोगों को भी जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।यूपी कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष बृजलाल खाबरी कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव भी हैं।
हुआ करते थे बीएसपी में कैडर के नेता
इससे पहले वह बीएसपी में कैडर के नेता हुआ करते थे। वह बसपा के जोनल कोऑर्डिनेटर भी रह चुके हैं। वह जालौन-गरौठा से सांसद भी रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने राज्यसभा सदस्य की जिम्मेदारी भी निभाई है। खाबरी 2016 तक बसपा में थे। 1999 में बसपा के टिकट पर ही खाबरी सांसद बने थे।
बसपा के बड़े ब्राह्मण चेहरों में शामिल थे नकुल दुबे
उनके साथ ही बसपा से कांग्रेस में आए दो अन्य नेताओं को भी कांग्रेस ने प्रांतीय अध्यक्ष नामित किया है। कांग्रेस ने पांच महीने पहले पार्टी में बसपा से कांग्रेस में आए नकुल दुबे को भी पार्टी प्रांतीय अध्यक्ष बनाया है। दुबे 2022 के विधानसभा चुनाव तक बसपा के बड़े ब्राह्मण चेहरों में शामिल थे। चुनाव में हार के बाद मायावती ने नकुल दुबे को पार्टी से बाहर निकाल दिया था। पार्टी से बाहर निकाले जाने के एक महीने बाद 26 मई को दुबे कांग्रेस में शामिल हो गए थे। पार्टी में शामिल होने के पांच महीने बाद उन्हें कांग्रेस ने बड़ी जिम्मेदारी दी है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नामित छह प्रांतीय अध्यक्षों में मायावती सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी और नकुल दुबे भी हैं। इनके साथ पीएम नरेन्द्र मोदी के खिलाफ वाराणसी में लोकसभा का चुनाव लड़ चुके अजय राय को भी प्रांतीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
प्रांतीय अध्यक्षों को कार्यकारी अध्यक्ष मानते हुए कांग्रेस ने बृजलाल खाबरी को इनके कार्य की मानिटरिंग भी करने का काम दिया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में एक अध्यक्ष और छह कार्यकारी अध्यक्ष नामित किए गए हैं। पार्टी के विधायक वीरेन्द्र चौधरी, अनिल यादव और योगेश दीक्षित को प्रांतीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
