वाराणसी (मानवीय सोच) कैंट रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को अब रात्रि विश्राम के लिए शहर में भटकना नहीं होगा। उनकी सहूलियत के लिए रेलवे की ओर से 150 कमरों के बजट होटल का निर्माण कराने पर विचार किया जा रहा है। इसमें सिर्फ यात्रियों को ही कमरा मिलेगा। इससे काफी सहूलियत होगी।
यात्रियों को ट्रेन पकड़ने अथवा अन्य कारणों से स्टेशन के समीप ही रुकना पड़ता है। कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जिनके पास अधिक पैसे नहीं होते। उन्हें होटल में कमरा लेने में दिक्कत होती है। ऐसे लोगों की मदद के लिए रेलवे प्रशासन ने बजट होटल की रूपरेखा तैयार की है। होटल में सिंगल व डबल बेड होंगे। साथ ही खाने-पीने की भी व्यवस्था होगी। होटल के कमरे चार से 24 घंटे के लिए बुक कराए जा सकते हैं। अभी इनका किराया तय नहीं किया गया है। यहां सिर्फ यात्रियों व उनके संबंधियों को ही किराये पर कमरा दिया जाएगा। रेलवे प्रशासन की ओर से इसकी निगरानी की जाएगी। होटल में ठहरने वालों का पूरा विवतरण लिया जाएगा। यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले ही आनलाइन तरीके से कमरा बुक करने की सुविधा मिलेगी। होटल के लिए जमीन तलाशी जा रही है।
स्टेशन निदेशक गौरव दीक्षित ने बताया कि कैंट रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन लगभग एक लाख यात्री सफर करते हैं। बहुत से यात्रियों को रात में सामान लेकर इधर-उधऱ भटकना पड़ता है। यात्रियों की मदद के लिए बजट होटल की परिकल्पना की गई है। यह कमाई के लिए नहीं, बल्कि सेवा भाव के उद्देश्य से किया जाएगा।
