राजभवन पहुंचा लविवि बीकॉम परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी का मामला

लखनऊ  (मानवीय सोच)   विश्वविद्यालय के बीकॉम छठे सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम का मामला राजभवन पहुंच गया है। कई कॉलेजों के सैकड़ों छात्र बुधवार को अचानक राजभवन पहुंच गए। वे राजभवन के बाहर लविवि प्रशासन के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉपियों की जांच में हेराफेरी की गई है।

लविवि के बीकॉम फाइनल ईयर का परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद से छात्रों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को सैकड़ों ने छात्रों ने लविवि में प्रदर्शन किया तो बुधवार को वे राजभवन पहुंच गए। छात्रों ने आरोप लगाया कि पहले उन्हें पास कर दिया गया, फिर दोबारा रीचेकिंग कर उन्हें फेल कर दिया गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि ऐसे छात्रों की संख्या 100 से भी ज्यादा है जिनको शून्य अंक मिले हैं। छात्र अपने रिजल्ट की फोटो कॉपी साथ लेकर पहुंचे थे। छात्रों ने बताया कि लविवि ने ओएमआर शीट दिखाने की व्यवस्था की है, लेकिन वह उसकी फोटो कॉपी दिखा रहा है। वहां पर विषय के प्रोफेसर भी उपलब्ध नहीं थे।

छात्रों ने बताया कि लविवि ने पहले जो परिणाम जारी किया था, उसको लेकर सोशल मीडिया पर छात्रों ने गड़बड़ी का आरोप लगाया था। अगले दिन लविवि ने दूसरा रिजल्ट जारी कर दिया। उसमें कई पास हो गए तो कई जो पहले से पास थे, वे फेल हो गए। छात्र पुराना परीक्षा परिणाम बहाल करने और अपनी फीस वापस करने की मांग कर रहे थे। काफी संख्या में छात्रों के राजभवन पहुंचने पर भारी पुलिस बल भी पहुंच गया। छात्र राज्यपाल से मिलने और उनको ज्ञापन सौंपने के लिए अड़ गए। काफी देर तक पुलिस के समझाने पर छात्रों ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को संबोधित ज्ञापन एसएचओ हजरतगंज अखिलेश मिश्रा को सौंपा और कार्रवाई किए जाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *