(मानवीय सोच) : एक्टर विशाल की फिल्म मार्क एंटनी हाल ही में रिलीज हुई थी. फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला. अब एक्टर ने दावा किया है कि उन्होंने फिल्म के हिंदी संस्करण की रिलीज से पहले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC ) से सेंसर सर्टिफिकेट लेने के लिए 6.5 लाख की रिश्वत दी थी. उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास सभी सबूत हैं. मार्क एंटनी का हिंदी वर्जन 28 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुआ है.
बता दें कि एक्टर ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने यह दावा किया है. वीडियो की शुरुआत में विशाल ने स्पष्ट करते हुए कहा कि यह वीडियो कोई प्रमोशनल वीडियो नहीं है, लेकिन यह मार्क एंटनी के बारे में है. महाराष्ट्र के एकनाथ शिंदे और पीएम मोदी को संबोधित करते हुए, विशाल ने कहा, “हमने सर्टिफिकेट के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था और कुछ तकनीकी समस्या के कारण हमें अंतिम समय में आना पड़ा. लेकिन, मुंबई में सीबीएफसी कार्यालय में जो हुआ उससे हम स्तब्ध रह गए. जब हमनें कार्यालय का दौरा किया, हमें 6.5 लाख देने को कहा गया. हमारे पास कोई विकल्प नहीं बचा था.”
