लखनऊ : (मानवीय सोच) ग्लोबल इनवेस्टर समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू को धरातल पर लाने के लिए नियुक्त 102 उद्यमी मित्रों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र सौंपे।
साथ ही 232 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि की चेकें उद्यमियों को सौंपी। इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि ये शुरुआत उत्तर प्रदेश को दस खरब डालर की अर्थव्यवस्था बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर एक कॉफी टेबिल बुक का भी विमोचन किया गया।
लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश-विदेश के प्रख्यात संस्थानों से पढ़कर निकले 1500 युवाओं ने उद्यमी मित्र के लिए आवेदन किया था। इसमें से 87 पुरुष और 15 महिलाओं को चुना गया। 15 को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।
अपनी क्षमताओं को प्रदेश हित में लगाने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप मानदेय की राशि मत देखिए। ये अवसर खुद को साबित करने का है। नया अनुभव, नया प्लेटफार्म और सरकार के साथ काम करने का अवसर है।
